जनरेटर फटा, सिर में घुसा आधा किलो लोहे का टुकड़ा, ऑपरेशन कर निकाला
कोटा . । शहर के झालावाड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर करीब आधा किलो लोहे का टुकड़ा सिर से निकाला गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है। न्यूरो सर्जन डॉ. कृष्णहरि शर्मा ने बताया कि आजाद नगर इन्द्रगढ़ बूंदी में सोमवार सुबह हीरालाल (45) खेत पर काम कर रहा था। अचानक पानी खींच रहे जनरेटर में खराबी आ गई।
हीरालाल पास गया तो जनरेटर फट गया। इससे लोहे का तिकोना टुकड़ा हीरालाल की आंख और नाक को चीरता हुआ सिर के दांयी तरफ घुस गया। मरीज को पहले बूंदी अस्पताल ले जाया गया, वहां से कोटा लाया गया। सुधा अस्पताल में सोमवार शाम को ऑपरेशन किया गया।
डॉ. शर्मा ने बताया कि टुकड़ा हड्डियों के बीच ऐसे फंसा था कि सिर के ऊपरी हिस्से से पहले इसे ढीला करना पड़ा, इसके बाद बाहर से खींचते हुए निकाला गया। इसके साथ ही सिर में जमा खून के थक्के को भी हटाया गया। टुकड़े का वजन करीब आधा किलो है और 7 गुणा 5 गुणा 2 सेमी का आकार है। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है।
मस्तिष्क को क्षति पहुंची है। मरीज की आंख पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। मस्तिष्क में हुई क्षति के शरीर पर क्या असर होते हैं यह मरीज के होश में आने पर ही पता चल सकेगा। मरीज को ठीक होने में दो सप्ताह तक का समय लग सकता है।
No comments:
Post a Comment